News

नेहाल वढेरा - प्रिंस ऑफ लुधियाना के स्टार बनने का शानदार सफर

By Mumbai Indians

यदि आप लुधियाना घूमने गए हैं, तो हर कोई स्वर्गीय यशपाल शर्मा के बारे में बात करेगा, जो 1983 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे। लेकिन अब लुधियाना के पास नेहाल वढेरा के रूप में क्रिकेट का जश्न मनाने की एक नई वजह है।

जोश और दृढ़ता के साथ नेहाल को 9 साल की उम्र में क्रिकेट के प्रति अपने लगाव के बारे में पता चल गया था। साल 2000 में युवराज सिंह के अंतरराष्ट्रीय डेब्यू से एक महीने पहले जन्मे युवा क्रिकेटर ने अपने आदर्श के दृष्टिकोण, बड़े शॉट खेलने के तरीके और मैदान पर उनके व्यक्तित्व पर ध्यान देना शुरू कर दिया और उसी तरह से अपने खेल को आगे बढ़ाने का इरादा किया।

एक युवा के रोमांच की शुरुआत

2017: अंडर-19 में आगे बढ़ने से पहले, नेहाल ने पंजाब की अपनी राज्य टीम के लिए अंडर-16 स्तर पर विजय मर्चेंट और कूच बिहार ट्रॉफी खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन किया। उनका पहला शानदार प्रदर्शन कूच बिहार ट्रॉफी के 2017-18 संस्करण में देखने को मिला, जहां उन्होंने 540 रन बनाए और 6 अर्धशतक जड़े।

2018-19: यशपाल शर्मा और गगनदीप सिंह के बाद किसी भी स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले तीसरे लुधियाना के खिलाड़ी नेहाल वढेरा हैं। नेहाल ने श्रीलंका में पहले अनौपचारिक टेस्ट में भारत के लिए अंडर-19 में डेब्यू किया था। चौथी गेंद पर अपना खाता खोलने के बाद उन्होंने 82 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने दूसरे टेस्ट में 136 गेंदों में 64 रन बनाकर एक यादगार दौरे का अंत किया।

श्रीलंका से वापस लौटने के कुछ दिनों बाद, उन्होंने मोहाली में पंजाब अंडर-19 और मुंबई के बीच ध्रुव पांडोव ट्रॉफी मैच में एक बार फिर प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उस दौरान उन्होंने 78 गेंदों में 54 रन की पारी खेली। साथ ही उनके एक कवर ड्राइव शॉट ने ड्रेसिंग रूम और अंडर-19 कोच हरजिंदर सिंह की सराहना हासिल की।

हरजिंदर ने टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ एक इंटरव्यू में कहा, “आप उनमें (नेहल वढेरा) युवराज की झलक देख सकते हैं। उनमें एक शिष्टता है और उनकी बल्लेबाजी बहुत ही सहज है। उनका हैंड-आई कोऑर्डिनेशन कमाल का है; टाइमिंग, प्लेसमेंट, सब कुछ बिल्कुल सही है।

स्टार खिलाड़ी के खेल ने किया धमाल

2021: पंजाब क्रिकेट क्लब के लिए खेलते हुए नेहाल वढेरा ने 26वें अखिल भारतीय जेपी आत्रे मेमोरियल क्रिकेट लीग मैच में RBI (मुंबई) को शिकस्त दी। उन्होंने मोहाली में ट्राइडेंट कप में 143 गेंदों में 171 रनों की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने व्यक्तिगत स्कोर का नया रिकॉर्ड दर्ज किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ललित यादव (2019 में 168) के नाम दर्ज था।

2022: यह बाएं हाथ के खिलाड़ी के लिए सफलता की सीढ़ियां चढ़ने का साल रहा। नेहाल को कोई रोक नहीं सका, अप्रैल में लुधियाना के प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने पंजाब इंटर-डिस्ट्रिक्ट अंडर-23 क्रिकेट चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मैच में भठिंडा के खिलाफ 414 गेदों में 578 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

इस दमदार पारी में उन्होंने कई रिकॉर्ड कायम किए, जिनमें 42 चौकों और 37 छक्कों के साथ मान्यता प्राप्त क्रिकेट के किसी भी स्तर पर सबसे तेज 200, 300, 400 और 500 रन बनाने और एक ही पारी में सबसे अधिक चौके (चौके और छक्के) जैसे रिकॉर्ड शामिल रहे। पेशेवर क्रिकेट में साल 1994 में डरहम के खिलाफ नाबाद 501 रन की पारी में ब्रायन लारा के 72 (10 छक्के और 62 चौके) बॉउंड्री के रिकॉर्ड को नेहाल ने तोड़ दिया था।

Wisden के अनुसार, उनके बचपन के कोच चरणजीत भंगू ने इस पारी को देखा और खुश होकर कहा, "युवी की याद दिला दी!"

नए स्टार खिलाड़ी का उदय

2022-23: उनकी उपलब्धियों पर किसी का ध्यान न जाए, ऐसा बिल्कुल भी नहीं हो सकता है। क्योंकि दिसंबर 2022 में मिनी-ऑक्शन में मुंबई इंडिंस ने नेहाल को 20 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने जनवरी 2023 में रणजी ट्रॉफी सीजन की शुरुआत में गुजरात के खिलाफ पंजाब के लिए शतक (123) जड़कर इस उपलब्धि का जश्न मनाया। दो मैचों के बाद, वह एक पायदान आगे बढ़ें और उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाफ अपना पहला दोहरा शतक (214) जड़ा। उन्होंने 7 पारियों में 376 रनों के साथ अपने पहले रणजी सीजन का शानदार समापन किया।

एक मेहनती लेकिन धैर्यवान क्रिकेटर नेहाल को आरसीबी के खिलाफ मैच में हमारे साथ डेब्यू के साथ अपने करियर का सबसे महत्वपूर्ण ब्रेक मिला। यह कैसे हुआ? उन्होंने 13 गेंदों में 21 रन बनाएं, जिसमें चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर लगाया गया एक छक्का भी शामिल था और यह सब यहीं समाप्त नहीं हुआ। उन्होंने सीएसके के खिलाफ अकेले दम पर अपना पहला T20 अर्धशतक (64) जड़ा। इसके बाद 9 मई को वानखेड़े स्टेडियम में आरसीबी के खिलाफ मैच में उन्होंने नाबाद 52 रन बनाए।

आईपीएल 2023 में 14 पारियों में 241 रन बनाकर हमारे खिलाड़ी ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। और आगामी दलीप ट्रॉफी के लिए नॉर्थ जोन की टीम में उनके शामिल होने से हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि नए ' प्रिंस ऑफ लुधियाना' मुंबई इंडियंस के अगले स्टार बनने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।