News

SL vs IND 2024 ODI: भारत और श्रीलंका के बीच पहला मुकाबला हुआ टाई

By Mumbai Indians

भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच टाई हो गया। यह मैच के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 230 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 47.5 ओवर में 10 विकेट के नुकसान में 230 रन बनाए।

मेजबान टीम की तरफ से पाथुम निशांका और दुनिथ वेलालागे ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जिसकी बदौलत श्रीलंका ने भारतीय टीम के सामने 231 रनों का लक्ष्य रखा।

श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन निसांका की बेहतरीन बल्लेबाजी ने पारी को संभाला। अविष्क फर्नांडो (1) के बाद श्रीलंका ने कुसल मेंडिस (14), सदीरा समर विक्रमा (8) और चरिथ असलंका (14) का विकेट गंवाया। भारत के लिए वाशिंगटन सुंदर ने निसांका का अहम विकेट लिया। निसांका ने 9 चौके के साथ 75 गेंदों पर 56 रन बनाए।

इसके बाद जनिथ लसांगे ने 20 और वानिंदु हसरंगा ने 24 रनों का योगदान दिया। वहीं, दुनिथ ने नाबाद रहते हुए 65 गेंदों में 67 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। श्रीलंका ने भारत को 231 रनों का लक्ष्य दिया।

भारत के लिए अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद सिराज, शिवम दुबे, कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर को एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने बेहतरीन शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज और कप्तान रोहित शर्मा के अर्धशतक ने पारी की नींव मजबूत की। 13वें ओवर में भारत को पहला झटका दुनिथ ने शुभमन गिल(16) के रूप में दिया। इसके बाद 15वें ओवर में दुनिथ ने रोहित को पवेलियन भेज दिया। रोहित ने 47 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्के की मदद से 58 रन बनाए।

16वे ओवर में वाशिंगटन सुंदर 5 रन बनाकर अकीला धनंजय का शिकार बने। इसके बाद भारत ने विराट कोहली का विकेट गंवाया। कोहली ने 32 गेंदों में 24 रन बनाए। इसके बाद भारत ने श्रेयस अय्यर (23), केएल राहुल (31) और अक्षर पटेल (33) का विकेट खोया।

आखिर में भारत ने स्कोर बराबर कर दिया था और टीम के हाथ में दो विकेट बाकी थे। यहां से भारत की जीत सुनिश्चित लग रही थी। लेकिन असलांका ने पहले शिवम दुबे को 25 रनों पर आउट करने के बाद अगली ही गेंद पर अर्शदीप सिंह का विकेट लेकर भारत को 230 रनों पर ऑल आउट कर दिया। इसी के साथ पहला वनडे मैच टाई हो गया।

भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा मुकाबला 4 अगस्त को खेला जाएगा।

संक्षिप्त स्कोर:

श्रीलंका: 230/8 (50 ओवर) - दुनिथ वेलालागे 67, अक्षर पटेल 2/33

भारत: 230/10 (47.5 ओवर) - रोहित शर्मा 58,  चरिथ असलांका 3/30