T20 वर्ल्ड कप में ग्रुप ए के आखिरी मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड को हराया
भारत ने बुधवार को T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए के अपने आखिरी मुकाबले में नीदरलैंड को 17 रनों से हराया। टीम इंडिया अपना पहला सुपर 8 मैच 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टी 20 कप्तान सूर्यकुमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने शिवम दुबे की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए।
इसके जवाब में नीदरलैंड लक्ष्य को पूरा करने में नाकाम रही और 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 176 रन ही बना सकी।
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत के लिए सर्वाधिक रन शिवम दुबे ने बनाए। पहले ही ओवर में भारत को पहला झटका आर्यन दत्ता ने दिया। इस मुकाबले में भी सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के बल्ले से रन नहीं निकले।
इसके बाद पांचवे ओवर में भारत को दूसरा झटका भी आर्यन ने दिया। उन्होंने ईशान किशन को अपना शिकार बनाया। ईशान ने सात गेंदों में 18 रन बनाए।
इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तिलक के साथ पारी को आगे बढ़ाया और टीम के लिए अहम रनों का योगदान दिया।
नौवें ओवर में लोगन वान बीक ने भारत का अहम विकेट अपने नाम किया। तिलक ने
तीन चौके और एक छक्के की मदद से 27 गेंदों में 31 रन बनाए।
इसके बाद सूर्यकुमार शिवम दुबे के साथ मिलकर बड़ी पारी खेलने की कोशिश की, लेकिन उनकी उम्मीदों पर काइल क्लीन ने पानी फेर दिया और 14वें ओवर में भारत का एक और महत्वपूर्ण विकेट गिरा। सूर्यकुमार ने दो चौके और एक छक्के की मदद से 28 गेंदों में 34 रनों का योगदान दिया।
शिवम दुबे ने धमाकेदार पारी खेली और हार्दिक पांड्या के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। शिवम ने तेजी से रन बटोरे और बड़े शॉट्स लगाते हुए 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ा।
शिवम और हार्दिक ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया और अहम रनों का योगदान दिया।
आखिरी ओवर में भारत ने शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या के विकेट गंवाए।
शिवम ने तूफानी पारी खेलते हुए चार चौके और छह छक्कों की मदद से 31 गेंद में 66 रन बनाए, जबकि हार्दिक ने तीन छक्कों की मदद से 21 गेंदों में 30 रनों का योगदान दिया। रिंकू सिंह छह रन बनाकर नाबाद रहे।
इसी के साथ भारत ने 20 ओवर में नीदरलैंड को 194 रनों का लक्ष्य दिया।
नीदरलैंड की पारी की शुरुआत माइकल लेविट और मैक्स ओ डॉउड ने सधी हुई की और धीमी गति से रन बनाए। छठे ओवर में भारत को पहली सफलता वरुण चक्रवर्ती ने दिलाई। मैक्स दो चौके और एक छक्के की मदद से 18 गेंदों में 20 बनाए।
इसके बाद माइकल ने पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन हार्दिक पांड्या ने उन्हें 24 के स्कोर पर रोक दिया।
इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने अपनी शानदार गेंदबाजी का जादू चलाते हुए 13वें ओवर में दो विकेट चटकाए। वरुण ने पहले कॉलिन एकरमैन (23) को और इसके बाद आर्यन दत्त को खाता खोलने का भी मौका नहीं दिया।
अहम बल्लेबाजों की विकेट खोने के बाद नीदरलैंड की पारी कमजोर हो गई और भारतीय गेंदबाजों ने अपना जलवा बरकरार रखा।
नीदरलैंड के लिए सबसे ज्याद रन बास डिलीड ने बनाए, जिन्हें शिवम दुबे ने पवेलिनय का रास्ता दिखाया। बास ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 23 गेंदों में 33 रनों का योगदान दिया।
इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने कप्तान स्कॉट एडवर्ड (15) को अपना शिकार बनाया।
आखिरी ओवर में शिवम दुबे की गेंद पर वाशिंगटन सुंदर ने जैक लायन-कैशेट को कैच आउट किया। जैक लायन ने 16 गेंदों में 26 रन बनाए। नोआ क्रोस और लोगन ने नाबाद पारी खेलते हुए क्रमश: 25 और 4 रन बनाए।
इसी के साथ भारत ने 17 रनों से जीत अपने नाम की।
संक्षिप्त स्कोर
भारत ने नीदरलैंड को 17 रनों से हराया।
भारत: 20 ओवर में 193/6; शिवम दुबे 66, लोगन वान बीक 3/56
नीदरलैंड: 20 ओवर में 176/5; बास डिलीड 33, वरुण चक्रवर्ती 3/14