“विल जैक्स की पारी ने मैच खत्म कराने में बड़ी मदद की”: तिलक वर्मा

“विल जैक्स की पारी ने मैच खत्म कराने में बड़ी मदद की”: तिलक वर्मा

By Mumbai Indians

“शार्दुल की स्पेल और तिलक की पारी, दोनों को बराबर श्रेय मिलना चाहिए।” मैच के बाद प्रेजेंटेशन में जसप्रीत बुमराह से जब मुकाबले के टर्निंग प्वाइंट के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने यही बात कही।

पंजाब किंग्स के मिडिल ऑर्डर को तहस-नहस कर देने वाला उनका चार विकेटों का स्पेल मैच में बड़ा मोड़ साबित हुआ। वहीं तिलक वर्मा की पारी धैर्य, समझदारी और सही समय पर अटैक करने की बेहतरीन मिसाल थी।

यह ऐसा मुकाबला रहा जिसमें पल-पल मैच का रुख बदलता रहा और कोई भी टीम लंबे समय तक पूरी तरह हावी नहीं दिखी।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में शार्दुल ठाकुर ने कहा, “इस मैच में बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव रहे। पावरप्ले में हमने शानदार शुरुआत की थी, लेकिन उसके आखिरी हिस्से और मिडिल ओवर्स की शुरुआत में कुछ रन तेजी से आए। हालांकि, हम उन्हें फिर से दबाव में लाने में सफल रहे। इसके बाद डेथ ओवर्स में भी कुछ रन बने।”

शार्दुल ठाकुर ने आगे कहा, “हमारी बल्लेबाजी में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। पावरप्ले में शुरुआत अच्छी रही, फिर बीच में हम संघर्ष करते नजर आए और उसके बाद दोबारा रन गति पकड़ ली। पूरे मैच में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला।”

शार्दुल ठाकुर ने बताया कि गेंदबाजों के लिए ऐसे मुकाबलों में बार-बार वापसी करना बेहद मुश्किल होता है, क्योंकि मैच का मोमेंटम अचानक बदल जाता है।

उन्होंने कहा, “गेंदबाजों को लगातार यह सोचना पड़ता है कि रन रोकने के लिए सबसे बेहतर विकल्प क्या होंगे। फिर जैसे ही एक-दो विकेट गिरते हैं, फोकस विकेट लेने पर चला जाता है। मैच में इतने बदलाव हो रहे थे कि गेंदबाजों को बार-बार अपनी सोच बदलनी पड़ रही थी।”

उन्होंने बल्लेबाजों की रणनीति पर भी बात करते हुए कहा, “बल्लेबाजों के लिए यह धैर्य का खेल था। वे सही गेंद का इंतजार कर रहे थे और फिर ढीली गेंद मिलते ही उसे बड़े शॉट में बदलने की कोशिश कर रहे थे।”

लेकिन आखिरकार मैच का सबसे बड़ा अंतर वह 56 रनों की साझेदारी बनी, जो सिर्फ 20 गेंदों में आई। तिलक वर्मा को विल जैक्स के रूप में शानदार साथी मिला और दोनों बल्लेबाजों ने लगातार बाउंड्री लगाते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। 

दोनों ने एक-दूसरे का बेहतरीन साथ निभाया और दबाव भरे रन चेज में मुंबई इंडियंस को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।

प्लेयर ऑफ द मैच बनने के बाद तिलक वर्मा ने कहा, “सच कहूं तो विल जैक्स की पारी ने मैच खत्म कराने में बड़ी मदद की। जिस तरह वह बल्लेबाजी कर रहे थे, मैंने उनसे सिर्फ इतना कहा कि अपना शेप बनाए रखो और स्लोअर गेंद का इंतजार करो, क्योंकि यहां गेंद काफी तेजी से जा रही थी।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर गेंदबाज तेज गेंद डाल रहे हैं और आप बिना सोचे बड़ा शॉट खेलते हैं, तो बल्ले से लगते ही गेंद उड़ रही थी। इसलिए हमने तय किया कि स्लोअर गेंद का इंतजार करेंगे, क्योंकि वही गेंद थी जिस पर हमें छक्का लगाने में थोड़ी परेशानी हो रही थी।

विल ने शानदार धैर्य दिखाया, अपना शेप बनाए रखा और कुछ बेहतरीन छक्के लगाए, जिससे विपक्षी टीम दबाव में आ गई।”

शार्दुल ठाकुर ने मैच के बाद कहा, “शायद हमने जितने रन देने की योजना बनाई थी, उससे करीब 20 रन ज्यादा दे दिए। लेकिन तिलक को पूरा श्रेय जाता है जिस तरह उन्होंने दबाव में शांत रहकर बल्लेबाजी की और लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहे।”

उन्होंने तिलक वर्मा की पारी की तारीफ करते हुए कहा, “तिलक ने सही गेंदों का इंतजार किया और यह समझा कि किन क्षेत्रों में उन्हें अपने शॉट खेलने हैं। उन्होंने बेहद समझदारी से बल्लेबाजी की।”

शार्दुल ने आगे रयान रिकेल्टन और विल जैक्स की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “रयान रिकेल्टन ने पावरप्ले में हमें शानदार शुरुआत दिलाई और अंत में विल जैक्स ने बड़े शॉट लगाकर तिलक का बेहतरीन साथ निभाया। यह देखना काफी उत्साहजनक था।”

भले ही प्लेऑफ की दौड़ अब खत्म हो चुकी हो, लेकिन इस जीत ने एक बार फिर पूरी दुनिया को दिखा दिया कि मुंबई इंडियंस का प्राइड और उनकी स्पिरिट आखिर क्या मायने रखती है।