
एशिया कप 2025: भारत ने सुपर ओवर में श्रीलंका को हराया, फाइनल में पाकिस्तान से होगी टक्कर
भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 चरण में श्रीलंका को सुपर ओवर में हराकर लगातार जीत का सिलसिला बनाए रखा।
शुक्रवार को दुबई क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों ने 20-20 ओवरों में 202/5 रन बनाए और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया।
सुपर ओवर में अर्शदीप सिंह ने कमाल दिखाया और सिर्फ 2 रन देते हुए कुसल परेरा और दासुन शनाका को आउट कर दिया। इसी के साथ भारत ने यह मुकाबला अपने नाम किया।
भारत की ओर से अभिषेक शर्मा (31 गेंदों पर 61 रन) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत भारत ने टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर (202/5) खड़ा किया।
श्रीलंका की ओर से पथुम निसंका (58 गेंदों पर 107 रन) ने एशिया कप 2025 का पहला शतक जड़ा और मैच को आखिरी गेंद तक खींचा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने कुसल मेंडिस को शून्य पर आउट कर दिया। लेकिन इसके बाद निसंका और कुसल परेरा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। दोनों ने अर्धशतक पूरे किए।
दोनों की साझेदारी ने 100 रन भी पूरे किए। यह भारत के खिलाफ नवंबर 2023 के बाद किसी भी टीम की पहली शतकीय साझेदारी थी। वरुण चक्रवर्ती ने 13वें ओवर में कुसल परेरा (58) को आउट कर भारत को राहत दिलाई। इसके बाद कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह ने भी अहम विकेट झटके।
हालांकि, निसंका टिके रहे और 17वें ओवर में छक्के के साथ शतक पूरा किया। आखिरी ओवर में श्रीलंका को 12 रन चाहिए थे। हर्षित राणा ने निसंका को आउट तो कर दिया, लेकिन उन्होंने 5 गेंदों में 11 रन लुटा दिए और मैच सुपर ओवर तक खिंच गया।
इससे पहले भारत की पारी में शुभमन गिल दूसरे ओवर में ही आउट हो गए थे। लेकिन अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज अपनाया और सिर्फ 22 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया। उनकी पारी के साथ उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 309 रन बना लिए और मोहम्मद रिज़वान (281) व विराट कोहली (276) का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
संजू सैमसन और तिलक वर्मा (नाबाद 44 रन) ने मिलकर 66 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंत में अक्षर पटेल ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत का स्कोर 202/5 तक पहुंचा दिया।
अब भारत रविवार को फाइनल में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगा। भारत ने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को पहले ही दो बार मात दी है।
IND vs SL एशिया कप 2025, सुपर-4 मैच संक्षिप्त स्कोर
भारत ने श्रीलंका को सुपर ओवर में हराया
भारत: 20 ओवर में 202/5 (अभिषेक शर्मा 61, चरिथ असलंका 1/18)
श्रीलंका: 20 ओवर में 202/ (पथुम निसंका 107, हार्दिक पांड्या 1/7)
सुपर ओवर स्कोर:
श्रीलंका: 2/2 (0.5 ओवर)
भारत: 3/0 (0.1 ओवर)