भारत ने आयरलैंड को सात विकेट से दी मात, सीरीज में 1-0 से आगे
भारत और आयरलैंड के बीच सीरीज का पहला टी20 मैच डबलिन में खेला गया। भारत ने इस मैच को सात विकेट से जीत लिया। बारिश के कारण मैच देर से शुरू हुआ और मैच को 12 ओवर का कर दिया गया।
भारतीय टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मेजबान आयरलैंड ने 4 विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाए। इस लक्ष्य को भारत ने 9.2 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाकर हासिल कर लिया।
इस मैच से उमरान मलिक इंटरनेशनल डेब्यू किया। इस सीरीज का अगला मैच मंगलवार 28 जून को डबलिन में ही खेला जाएगा।
भारतीय टीम की ओर से दीपक हुड्डा ने 29 गेंदों पर 47 रनों का अहम योगदान दिया। भुवेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या, आवेश खान और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट हासिल किए। वहीं, आयरलैंड के हैरी टेक्टर 33 गेंदों में 64 रन बनाकर नाबाद रहे।
108 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने अच्छी शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज दीपक हुड्डा और ईशान किशन ने पहले विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी की, लेकिन आयरलैंड के क्रैग यंग ने तीसरे ओवर में ईशान को आउट कर दिया। ईशान ने 11 गेंदों में 26 रन बनाए, जिनमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल हैं।
यंग ने तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर सूर्यकुमार यादव को एलबीडब्ल्यू कर दिया।
इसके बाद तीसरे विकेट के लिए दीपक हुड्डा और पांड्या ने 64 रन की साझेदारी की।
जोश लिटिल ने आठवें ओवर में पांड्या को एलबीडब्ल्यू आउट किया। हार्दिक ने 12 गेंदों में 1 चौके और 3 छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। हुड्डा ने 29 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 47 रन की पारी खेली। दिनेश कार्तिक 5 रन बनाकर नाबाद रहे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ओवर तक कप्तान एंड्रयू बालबर्नी (0) और पॉल स्टर्लिंग (0) बिना खाता खोले ही आउट हो गए।
चौथे ओवर में गारेथ डेलानी (8) पवेलियन लौट गए। इसके बाद हैरी टेक्टर और लोर्कन टकर ने चौथे विकेट के लिए 50 रन की अहम साझेदारी की। नौवें ओवर की चौथी गेंद पर युजवेंद्र चहल की गेंद पर अक्षर पटेल के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने 16 गेंदों पर 18 रन बनाए। जॉर्ज डॉकरेल चार रन बनाकर नाबाद रहे।
इस तरह भारतीय टीम ने दो T20मैचों की सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है।