“मुझे अपनी खुद की विरासत बनाने का मौका मिला है” : शेरफेन रदरफोर्ड

“मुझे अपनी खुद की विरासत बनाने का मौका मिला है” : शेरफेन रदरफोर्ड

By Mumbai Indians

पलटन, पिछले चार मैचों ने हमें हर तरह से परखा है, लेकिन यह समय है कि हम सब एकजुट रहें और अपनी टीम मुंबई इंडियंस को हर हाल में सपोर्ट करें। अब समय है नए सिरे से आगे बढ़ने का और अहमदाबाद में होने वाले छठे मैच के लिए तैयार रहने का।

अब अगली चुनौती 20 अप्रैल 2026 को गुजरात टाइटन्स का सामना करने की है, और हमारा एक ही मकसद है - कमबैक मोड को एक्टिव करना। आने वाले इस मुकाबले पर सबकी नज़रें टिकी हैं। इसी बीच एमआई के बिग हिटर शेरफेन रदरफोर्ड एमआई चर्चा में शामिल हुए और उन्होंने एक ऐसी बातचीत को आगे बढ़ाया जो नए जोश, बेबाक अंदाज और आत्मविश्वास से भरपूर थी।

आईपीएल में अपने पहले सीजन और 2020 में मुंबई इंडियंस की विजेता टीम का हिस्सा होने के बारे में पूछे जाने पर रदरफोर्ड ने कहा, “यह एक शानदार अनुभव था और मैंने इसके हर पल का लुत्फ उठाया। आपके अंदर जीतने की भूख होनी चाहिए, कोई भी विरोधी टीम आपको आसानी से जीतने नहीं देगी। अगर आप ठान लें तो कुछ भी हासिल कर सकते हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत कैसी होती है, यह हमेशा मायने नहीं रखता; क्योंकि यह लंबा सफर है और आप मुश्किल परिस्थितियों से उबर कर वापसी कर सकते हैं।”

शेरफेन ने बड़े मैच से पहले अपनी तैयारियों के बारे में कहा, “मेरी बहुत सारी तैयारियां नेट सेशन के दौरान ही हो जाती हैं। मैं नेट्स में जिस तरह बल्लेबाजी करता हूं, वही मेरा मैच के लिए भी अप्रोच होता है। शुरुआती कुछ गेंदों पर, कुछ सिंगल रन बनाओ और फिर बाउंड्री लगाने की कोशिश करो। मैं बस अपने प्रोसेस पर टिका रहता हूं और ट्रेनिंग में जो कुछ भी कर रहा हूं, बल्लेबाजी करते समय भी उन्हीं योजनाओं को फॉलो करने की कोशिश करता हूं। मैं हमेशा खुद पर विश्वास रखता हूं। मैच के दिन, मैं चीजों को आसान रखता हूं और ज्यादा नहीं सोचता। क्योंकि आखिर में जंग बल्ले और गेंद की ही होती है। मुझे मैदान पर जाकर मैच का आनंद लेना अच्छा लगता है।’’

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने वानखेड़े में आरसीबी के खिलाफ अपनी 71(31) रनों की तूफानी पारी के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, “वानखेड़े की पिच काफी अच्छी है। एक बल्लेबाज के तौर पर जब आप एक बार पिच पर सेट हो जाते हैं तो गेंदबाज ज्यादा कुछ कर नहीं  सकता। मेरे लिए बस यही लक्ष्य था कि मैं सेट हो जाऊं और अंत तक टिककर खेलूं। मैं चाहता था कि उस मैच को टीम के लिए जीत सकूं, लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं हो पाया। उस पारी ने मुझे इस टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए अच्छा आत्मविश्वास दिया। उम्मीद है कि मैं मुंबई इंडियंस के लिए कई मैच जीतने में योगदान दे सकूंगा।”

आखिर में, मुंबई इंडियंस कैंप में बेहद लोकप्रिय और सम्मानित कीरोन पोलार्ड के साथ काम करने और उससे अपने गेम को मिले फायदे पर रदरफोर्ड ने कहा, “यह मेरे लिए वाकई बहुत बड़ा बूस्ट है। मैं उन्हें काफी लंबे समय से जानता हूं, इसलिए उनके साथ तालमेल बनाना आसान है। हम नेट्स में काफी समय साथ बिताते हैं और वे मेरे कई सवालों के जवाब भी देते हैं। मेरे पास इस टीम में अपनी खुद की विरासत बनाने का एक मौका है।”

बड़े मंच के लिए बने, जादुई प्रदर्शन की तैयारी करते हुए रदरफोर्ड एक और धमाकेदार पारी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं!