भारत ने न्यूजीलैंड को 46 रनों से हराकर 5 मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से की अपने नाम
भारत ने तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 46 रनों से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने 5 मैचों की सीरीज 4-1 से जीत ली।
इस मैच में ईशान किशन के विस्फोटक शतक और अर्शदीप सिंह के 5 विकेट ने निर्णायक भूमिका निभाई। यह मैच टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारत के लिए मजबूत तैयारी को दिखाता है।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। भारत की शुरुआत आक्रामक रही और ईशान किशन ने शुरू से ही न्यूजीलैंड के गेंदबाज़ों पर दबाव बना दिया। उन्होंने मात्र 43 गेंदों में 103 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में दमदार चौके-छक्कों की भरमार रही।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी बेहतरीन फॉर्म का प्रदर्शन करते हुए 30 गेंदों में 63 रन बनाए। वहीं अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों में 30 रनों की तेज़ पारी खेलकर रन गति को और तेज़ किया। मध्यक्रम में हार्दिक पांड्या ने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए 17 गेंदों में 42 रन जड़े। अंत में रिंकू सिंह 8 रन और शिवम दुबे 7 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 271 रन बनाए।
272 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा, जब सलामी बल्लेबाज़ टिम सैफर्ट अर्शदीप सिंह की गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे। हालांकि इसके बाद फिन एलन और रचिन रवींद्र ने भारतीय गेंदबाज़ों पर आक्रामक रुख अपनाया और दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की।
न्यूजीलैंड को नौवें ओवर में पहला बड़ा झटका लगा, जब फिन एलन 38 गेंदों में 80 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद भारतीय गेंदबाज़ों ने शानदार वापसी की। रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स और कप्तान मिचेल सैंटनर जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए।
लगातार विकेट गिरने से न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ा गई और 12 ओवर में टीम का स्कोर 5 विकेट पर 137 रन हो गया।
तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह ने बेहतरीन गेंदबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए रचिन रवींद्र, मिचेल सैंटनर, डेरिल मिचेल और काइल जैमीसन सहित कुल पांच विकेट झटके। उनकी धारदार गेंदबाजी की वजह से न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और निर्धारित ओवरों में 225 रन ही बना सकी।
संक्षिप्त स्कोर
भारत ने 46 रनों से जीत दर्ज करते हुए 5 मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से जीती
भारत: 271/5 (20 ओवर) - ईशान किशन – 103 (43 गेंद); लोकी फर्ग्युसन - 2/41
न्यूजीलैंड: 225/9 (20 ओवर) - फिन एलन – 80 (38 गेंद); अर्शदीप सिंह – 5/51