यह एक लंबा टूर्नामेंट है लेकिन हमें जीत हासिल करने की जरूरत है: महेला जयवर्धने

By Mumbai Indians

टाटा आईपीएल 2022 में एमआई को अपने तीसरे मैच में केकेआर के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा, जो इस टूर्नामेंट में हमारी टीम की तीसरी हार है। 

वेंकटेश अय्यर के अर्धशतक और पैट कमिंस के 14 गेंदों में अर्धशतक की मदद से केकेआर ने जीत दर्ज की। मैच के बाद कप्तान रोहित शर्मा मीडिया से रूबरू हुए।

रोहित शर्मा ने कहा, “उनके (कमिंस) आने और इस तरह खेलने की उम्मीद नहीं थी, इसलिए इसका श्रेय उन्हें जाता है। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ा, पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर और बेहतर होती गई।”

कप्तान ने अंतिम पांच ओवरों में 76 रन बनाने के लिए बल्लेबाजों की जमकर प्रशंसा की। जिसमें सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक, तिलक वर्मा के 38* रन और कीरोन पोलार्ड के 22 रनों की पारी शामिल थी। 

उन्होंने आगे कहा, “कुल मिलाकर यह एक अच्छी पिच थी। बल्लेबाजी में हमने अच्छी शुरुआत नहीं की, आखिरी 4-5 ओवरों में बल्लेबाजों की ओर से 70+ हासिल करने का एक अच्छा प्रयास था।”

हालांंकि, रोहित शर्मा ने इस बात को स्वीकार किया कि एमआई के लिए यह हार वाकई एक कठिन हार थी। 

“हमने प्लानिंग के अनुसार गेंदबाजी नहीं की। हमारे पास 15वें ओवर तक खेल था। कमिंस शानदार खेल रहे थे। जब भी आप बोर्ड पर रन बनाते हैं, तो हम हमेशा आगे रहते हैं। यह सिर्फ वेंकी या पैट के विकेट की बात थी, उनके पास सुनील (नारायण) भी थे, जो उन्हें स्मैश कर सकते थे। इस मैच को पचाना मुश्किल होगा, जैसा कि आखिरी कुछ ओवरों में खेल खेला गया। हम सभी को आगे बहुत मेहनत करनी है।”

मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने मैच के बाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और इस बारे में बात की कि एमआई के बल्लेबाजों ने आखिरी कुछ ओवरों में अधिक रन हासिल करने के लिए कैसे प्लानिंग की। 

उन्होंने कहा, “हम जानते थे कि केकेआर के पास अपने स्पिनरों को पीछे के छोर पर भी गेंदबाजी करने की रणनीति थी और सूर्या उनका सामना करने के लिए काफी थे। शुरुआत में विकेट मुश्किल था। पिच पर तेज उछाल थी। हम थोड़े पीछे थे लेकिन अंत में ज्यादा रनों की मदद के साथ हम बराबर स्कोर पर पहुंच गए थे।” 

हमारी टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ा है और महेला जयवर्धने चाहते थे कि टीम जल्द ही अपनी पहली मायावी जीत हासिल करे।

"इस तरह की शुरुआत के साथ यह हमेशा मुश्किल होता है। हमारे पास तीनों मैचों में मौका था लेकिन हम इसका सामना करने में असफल रहे, जो चिंता का विषय है। यह एक लंबा टूर्नामेंट है लेकिन हमें यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि हम जीत हासिल करें और कुछ अच्छी चीजों को अपनाएं। खासकर 10 टीमों के साथ कुछ भी हो सकता है।”

महेला ने आगे कहा, “तिलक जैसे युवा खिलाड़ी शानदार खेल रहे हैं, ब्रेविस ने अपने पहले गेम में अच्छा प्रदर्शन किया। हमें बस उनके साथ काम करने की जरूरत है और उनके साथ बढ़िया तालमेल बनाकर आगे के लिए सोचने की जरूरत है।”

आज रात का यह मुकाबला एक कठिन परिणाम था, लेकिन हमें उम्मीद है कि 9 अप्रैल को पुणे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ वापसी करेंगे।