जिम्बाब्वे बनाम भारत पहला वनडे: टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को 10 विकेट से दी मात

By Mumbai Indians

हरारे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए पहले वनडे मुकाबले में केएल राहुल की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने 10 विकेट से मैच जीतकर सीरीज में शानदार शुरुआत की है। इस जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया ने 1-0 की बढ़त बना ली है।  

जीत के लिए 190 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 30.5 ओवर में 192/0 का स्कोर बनाकर बड़ी जीत को अंजाम दिया।  

इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर मेजबान टीम को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। जिम्बाब्वे टीम के सलामी बल्लेबाजों ने 25 रन जोड़कर टीम को एक सधी हुई शुरुआत देने की कोशिश की लेकिन टीम को जल्द ही एक के बाद एक झटके लगने शुरू हुए। चोट के बाद टीम में वापसी कर रहे स्विंग गेंदबाज दीपक चाहर ने इनोसेंट काइया और तड़िवनाशे मारुमानी को विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन वापस भेजा।  

इसके बाद मेजबान टीम के विकेट गिरने का सिलसिला थमा ही नहीं और 66 रन पर टीम के 5 खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे। हालांकि जिम्बाब्वे के कप्तान रेजिस चकाब्वा ने टीम की पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन 35 रन बनाकर वह अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए। 

एक समय जिम्बाब्वे का स्कोर 28.3 ओवर में 110/8 था और लेकिन ब्रैड एवंस और रिचर्ड एनगरावा के बीच 9वें विकेट के लिए रिकॉर्ड 70 रन की साझेदारी ने मेजबान टीम को 180 के स्कोर तक पहुंचा दिया।  

प्रसिद्ध कृष्णा की एक शानदार राउंड-ऑफ-द-विकेट यॉर्कर पर एनगरावा की साहसिक 34 रनों की पारी का अंत हुआ। इसके बाद अक्षर पटेल ने विक्टर न्याउची (8) का विकेट झटक कर जिम्बाब्वे की पूरी टीम को 40.3 ओवर में 189 रन पर समेट दिया। 

दीपक चाहर (3/27), प्रसिद्ध कृष्णा (3/50) और अक्षर पटेल (3/24) ने भारत की तरफ से शानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा किया। 

189 रनों का पीछा करते हुए, भारत ने पावरप्ले चरण में 43/0 की सधी हुई शुरुआत की। टीम का स्कोर 19.1 ओवर में 100 तक पहुंच गया और इस दौरान शिखर धवन ने अपना 38वां एकदिवसीय अर्धशतक पूरा किया। 

इसके बाद शुभमन गिल ने भी फिफ्टी जड़ते हुए अपनी पिछली चार पारियों में अपना तीसरा एकदिवसीय अर्धशतक बनाया। भारत के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने स्कोर को 26वें ओवर में ही 150 के पार पहुंचा दिया। 

गिल और धवन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 192 रन की साझेदारी की और भारत को 30.5 ओवर में 190 रनों का सफलपूर्वक पीछा करने में मदद की। 

शिखर धवन ने जहां 113 गेंदों पर नाबाद 81 रन बनाए वहीं उनके जोड़ीदार शुभमन गिल के बल्ले से 72 गेंदों पर नाबाद 82 रनों की पारी निकली।    

जिम्बाब्वे और भारत के बीच दूसरा वनडे मुकाबला शनिवार, 20 अगस्त को खेला जाएगा।